सीतामढ़ी (भदोही)।
कोइरौना बाजार के पास गोलखरा मार्ग पर शुक्रवार को हुए बवाल के दूसरे दिन शनिवार को कोइरौना पुलिस ने बड़ी कारवाई करते हुए 11 नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिसिया कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
शुक्रवार को कोइरौना थाना क्षेत्र के गोलखरा मार्ग पर डंपर की चपेट में आने से सात वर्षीय छात्र शिवम की मौत हो गई थी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर बवाल मचाया। नेशनल हाइवे के लिए मिट्टी ढो रहे तीन डंपरों में आग लगा दी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोइरौना थाना में 11 नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलबा, पुलिस कार्य मे मुजहमत, झुंड में गति अवरोध करना, सरकारी कार्य में बाधा डालने, जनता में भय पैदा करने, दहशत, आवागमन में बाधा डालने आदि धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त पुलिस कैमरा फुटेज के आधार पर भी करने की तैयारी में जुटी हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि पुलिस मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन कर रही है। उपद्रव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फुटेज के आधार पर एक-एक की पहचान होगी।