ज्ञानपुर। महिला सुरक्षा के नाम पर कालीन नगरी एक बार फिर दागदार हो गई। घटना से मानवता शर्मसार हुई। शनिवार शाम सात बजे गोपीगंज थानाक्षेत्र के रैपुरी गांव में एक महिला को मनबढ़ युवकों ने निर्वस्त्र करने के बाद दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मजे की बात यह रही कि वहां मौजूद लोग उसे बचाने के लिए आगे नहीं बढ़े। महिला दूसरे के घरों में भागकर अपनी आबरू बचाने के लिए परेशान रही। पुलिस ने पहले तो मामले को संज्ञान में नहीं लिया लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लीपापोती में जुट गई।
केंद्र और प्रदेश सरकार एक तरफ बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ संग नारी संरक्षण का दावा करती है तो वहीं दूसरी तरफ गोपीगंज थाने के रैपुरी गांव की घटना ने लोगों को हिलाकर रख दिया। हुआ यूं कि गांव की एक महिला को पड़ोस के कुछ युवक किसी बात को लेकर मारने-पीटने लगे। नाराज लोगों ने उसकी इस कदर पिटाई करने लगे कि वह निर्वस्त्र हो गई लेकिन मनबढ़ तब भी उसे पीटने से बाज नहीं आए। उसके चेहरे आदि से खुन निकलने लगा। वह अपनी इज्जत बचाने के लिए दूसरे के घरों में भागकर जाती लेकिन वहां भी मनबढ़ पहुंचकर मारते पीटते दिखे। वहां मौजूद लोग भी महिला के सहयोग में आगे नहीं आए। खबर मिलने के बाद भाजपा नेत्री सपना दूबे मौके पर पहुंची और पुलिस के आल अधिकारियों से वार्ता किया। पहले तो पुलिस मामले में कार्रवाई से आनाकानी करती दिखी लेकिन अधिकारियों का दबाव पड़ा तो मारपीट का मुकदमा दर्ज कर इतिश्री कर ली जबकि प्रकरण में कई धाराओं में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।