खमरिया/गोपीगंज। दो अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। वाराणसी-इलाहाबाद रेल रूट पर अहिमनपुर स्टेशन के समीप युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी, जबकि गोपीगंज थानाक्षेत्र के तिलंगा गांव में एक युवक ने कुएं में छलांग लगाकर इहलीला समाप्त कर ली।
खमरिया नगर के भजईपुर मोहल्ला निवासी नंदलाल कनौजिया का पुत्र दिनेश (22) मुंबई में रहकर कपड़ा धुलाई और इस्तरी आदि का काम करता था। वह 12 नवंबर को मुंबई से घर के लिए निकला था। उसे 13 नवंबर को घर पहुंच जाना चाहिए था, लेकिन वह नहीं पहुंचा। बताया जाता है कि बुधवार को जब घर वालों ने फोन कर उसे जल्दी घर पहुंचने के लिए कहा तो वह भड़क गया और अहिमनपुर स्टेशन के आउटर सिग्नल के समीप वाराणसी की तरफ जा रही पवन एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। वह दो भाइयों में छोटा था।
तिलंगा गांव में हुई एक अन्य घटना में संदीप शुक्ल (20) दोपहर 12 बजे के आसपास घर से तकरीबन दो सौ मीटर दूरी पर स्थित कुएं पर गया और छलांग लगा दी। परिवार के लोग उसे दिमागी रूप से बीमार बता रहे थे। पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान भी मौके पर पहुंच गए थे। उसे कुएं में कूदते देख लोगों ने इसकी सूचना घर वालों को दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने दो घंटे के प्रयास के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था।