गोपीगंज। बैदा बाजार में पखवारे भर पूर्व धराशायी हुए मकान का मलबा हटवाने और घटना की न्यायिक जांच की मांग को लेकर भुक्तभोगी परिवार ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ ही आला अधिकारियों को पत्र भेजकर गुहार लगाई।
गांव निवासी दयाशंकर जायसवाल के पुत्र संजय जायसवाल ने सोमवार को मेल के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रमुखसचिव, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महा निरीक्षक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज कर घटना से अवगत कराया। कहा कि गत 30 अक्टूबर की रात तेज धमाके के साथ मकान का दूसरा तल धराशायी हो गया। घटना में उनके साथ पत्नी अर्चना घायल हो गई थी। इलाज के दौरान अर्चना की मौत हो गई। कहा कि गोपीगंज पुलिस सिलेंडर फटने से घटना मान रही है, जबकि जांच के लिए आए बम निरोधक दस्ता और फोरेंसिक टीम कुछ कारण स्पष्ट नहीं कर सकी। घटना को पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश बताते हुए कहा कि परिवार के साथ बाजार के लोगों में भी दहशत है। इसलिए प्रकरण की जांच जरूरी है।