भदोही। कोतवाली क्षेत्र के प्रजापतिपुर बनकट ग्राम के समीप भदोही-औराई रोड पर सोमवार को मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घायल दोनों युवक कालीन बुनकर हैं। घायलों को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से एक को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर सहित फरार होने में कामयाब हो गया।
सुबह सर्रोई बौलिया निवासी बुनकर इसरार (22) और रईस (25) एक बाइक पर सवार होकर हरिरामपुर स्थित एक कालीन कारखाने में मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। लोगों ने बताया कि जब वे बनकट पहुंचे थे तभी विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक का हाल देख कर दुर्घटना का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसरार की हालत गंभीर थी, जिसे रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद चालक भागने में सफल रहा।