बाबूसराय। औराई कोतवाली क्षेत्र के चेरापुर गांव में रविवार को क्रिकेट के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी राइफल से हवाई फायरिंग की गई। इससे गांव में खलबली मच गई। मारपीट के घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां एक की हालत चिंताजनक होने पर वाराणसी रेफर किया गया।
चेरापुर गांव में रविवार को सुबह कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। बल्लेबाजी के दौरान गेंद कैलाशनाथ दूबे के घर पर बार-बार जा रही थी, जिससे उनके परिवार को परेशान होना पड़ रहा था। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को मना किया, लेकिन वह नहीं माने। इसी को लेकर विवाद बढ़ा तो दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला बढ़ा तो एक पक्ष की ओर से असलहे से फायरिंग की गई। जिससे गांव में खलबली मच गई। आंशिक रूप से घायल सभी का उपचार कराया गया। कैलाशनाथ दूबे ने पांच जबकि विजयशंकर दूबे ने एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सीओ रामकरन ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।