महराजगंज। औराई कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज बाजार में शनिवार की सुबह सोनकर बस्ती और व्यापारियों के बीच संघर्ष का असर रविवार को भी दिखा। बाजार में अब भी तनाव का माहौल है। जिसको देखते हुए पीएसी और पुलिस के जवान दूसरे दिन भी तैनात रहे। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन एक आरोपी ही गिरफ्तार हो सका।
दरअसल 31 अक्तूबर को महराजगंज के मोनू जायसवाल और नीरज अग्रहरि के बीच पैसे को लेकर विवाद हो गया था। इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। जिसमें शनिवार सुबह सोनकर बस्ती और व्यापारियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव करने के साथ ही तोड़फोड़ भी की गई थी। प्रकरण में कई नामजद और 100 से अधिक अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार को कोतवाली प्रभारी सुनील दत्त दूबे ने मयफोर्स आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने नीरज अग्रहरि को गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर बाजार में अब भी पीएसी और पुलिस के जवान तैनात हैं। बाजार में फ्लैग मार्च कर पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा दिया। वहीं तीसरी तहरीर में मोबाइल दुकानदार शिवशंकर जायसवाल, विकेश जायसवाल ने दुकान तोड़ने, दुकान में घुसकर मोबाइल लूटने, मोबाइल नष्ट करने, मारने पीटने का मामला दर्ज कराया। जिसमें तीन नामजद सहित 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ औराई रामकरन ने कहा कि बाजार में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।