घोसिया (भदोही)।
औराई थानाक्षेत्र के भक्तापुर गांव में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। मायकेवालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भक्तापुर गांव निवासी विजय कुमार की शादी दो साल पूर्व मिर्जापुर के जलालपुर की रीना के साथ हुई थी। परिवार में सब कुछ ठीकठाक चल रहा था। सोमवार को अचानक रीना देवी (21) के कमरे में आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोग पहुंचे तो वह पूरी तरह आग से जल रही थी। किसी तरह आनन-फानन में आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक वह 90 फीसदी से अधिक जल चुकी थी। परिवारवाले उसे सीएचसी औराई लेकर गए, जहां हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विवाहिता के दादा बब्बर की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल के दो लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मायकेवालों ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए विवाहिता को जलाया गया जबकि ससुरालवालों का कहना था कि रीना खुद ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। सीओ औराई एमके सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दो के खिलाफ मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है।