फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसे में मजदूर की मौत,आधा दर्जन घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
गोपीगंज/सुरियावां। गोपीगंज और सुरियावां क्षेत्र में सोमवार को हुईं तीन सड़क दुर्घटनाओं में साइकल सवार मजदूर की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सुरियावां के बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप टेंट का सामान लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई, जबकि गोपीगंज में हुईं दो अन्य घटनाओं में छह लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
विज्ञापन

पहली घटना सुरियावां थाना क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित पेट्रोल टंकी के पास सोमवार को लगभग 12 बजे हुई। पूरेखुशियाल-अभिया गांव निवासी फूलचंद गौतम (47) मजदूरी करता था। वह साइकल से दवा लेकर घर लौट रहा था। इसी बीच टेंट का सामान लादकर जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। हालांकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था। दवा की पर्ची और मोबाइल से पुलिस ने शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। ग्रामप्रधान धीरज सिंह का कहना है कि मृतक चार भाई थे। दो बाहर रह कर जीविकोपार्जन करते हैं और दो घर पर। आर्थिक स्थिति ठीक न होने से वह मजदूरी आदि कर परिवार का खर्च चलाता था। इसी तरह दूसरी घटना गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के फूलबाग में ज्ञानपुर मार्ग पर हुई। यहां पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पिता, पुत्र और मां गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार सीएचसी में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि सुरियावां थाना क्षेत्र के फत्तूपुर-अभोली निवासी सुनील पांडेय (30) अपने पिता धनराज (65) और माता सुशीला देवी (60) को बाइक पर बैठा कर घर जा रहे थे। फूलबाग के पास पहुंचते ही तेज गति से जा रही पिकअप के धक्के से घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित भाग गया। तीसरी घटना गोपीगंज नगर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के पड़ाव क्षेत्र में हुई, जहां बारात से दुल्हन की विदाई करा कर लौट रही कार में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का अगला टायर भी फट गया, जिससे कार सवार नवविवाहिता सहित तीन लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। पुलिस के मुताबिक भदोही निवासी नीरज कुमार गोपीगंज थाना क्षेत्र के बैरीबीसा गांव से दुल्हन की विदाई करा कर कार से वापस लौट रहे थे। पड़ाव पर ओवरटेक करते समय ट्रक चालक ने साइड मार दी। इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। क्रेन से कार हटाने के बाद यातायात बहाल हो सका।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें