ऊंज। थाना क्षेत्र के रघुरामपुर गांव में एक बगीचे के पास 40 वर्षीय युवक का लावारिस शव मिला। गांव में शव मिलने की खबर से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर मौजूद कुछ लोग हत्या की आशंका भी जता रहे थे। समाचार दिए जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
रघुरामपुर गांव के एक बगीचे के पास से सोमवार को सुबह करीब छह बजे गांव के लोग नित्यक्रिया के लिए गुजर रहे थे तो, उन्हें एक अजीब सी दुर्गंध महसूस हुई। पास में जाकर देखा तो एक युवक की हत्या कर झाड़ी में फेंक दिया गया था। बगीचे में शव मिलने की खबर पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जुट गई। शव को लेकर लोगों में अनेक प्रकार की चर्चाएं हो रही थीं। शव की दुर्गंध और दशा से अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या दो दिन पहले की गई होगी। बताया जा रहा है कि शव रात भर झाड़ी में पड़ा था। इससे खूंखार जानवरों ने नोच खाया था। ग्रामीणों ने डायल 100 को सूचना दी। मौके पर एसआई अरविंद सिंह, एसआई अलगुराम यादव के साथ डॉक्टरों की एक टीम भी पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पई है। पुलिस ने कहा कि प्रकरण छानबीन की जा रही है।