लालानगर। कोलकाता से दिल्ली के मध्य पखवारे भर पूर्व गायब होजरी लदा ट्रक मंगलवार को दल्लूपुर में बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक का सुराग अब तक नहीं लगा। ट्रक में 80 लाख के बजाए 40 लाख का ही माल मिला। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्रकरण में मैनपुरी जिले में मुकदमा दर्ज है। गोपीगंज पुलिस जल्द ही जांच को मैनपुरी के हैंडओवर कर देगी।
चार मई को कोलकाता से होजरी और गारमेंट्स के लगभग 80 लाख रुपये का माल लाद कर भोगाव-मैनपुरी निवासी चालक सतेंद्र सिंह ट्रक संख्या एचआर 38 आर5867 लेकर दिल्ली के लिए निकला। उसी दौरान वह रास्ते से गायब हो गया। कई दिनों से दल्लूपुर गांव में खड़ी ट्रक को लेकर ग्रामीण परेशान हो गए। मंगलवार को ग्रामीण ट्रक पर लिखे नंबर से ट्रक मालिक को जानकारी दी। खबर मिलने पर ट्रक मालिक और व्यापारी के साथ मंगलवार को पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने माल लदे ट्रक को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी। कोलकाता से दिल्ली जा रहा ट्रक दल्लूपुर कैसे पहुंचा और चालक का सुराग न लगना पुलिस की मुश्किलें बढ़ा रहा है। ट्रक में लगे जीपीआरएस सिस्टम में 12 मई तक लोकेशन भोगाव-मैनपुरी बता रहा था। 12 मई के बाद से ट्रक का लोकेशन मिलना बंद हो गया। भोगाव से ट्रक गोपीगंज थाना क्षेत्र के दल्लूपुर गांव कैसे पहुंच गया यह तो गायब चालक के पता लगने पर ही ज्ञात हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि कोलकाता से दिल्ली जा रहा ट्रक भोगाव-मैनपुरी पहुंचने के बाद वापस दल्लूपुर कैसे आ गया। यहां पर 40 लाख का माल गायब माल की हकीकत क्या है इसकी जांच की जाएगी। चालक ने बेचा या व्यापारी ही बेचकर साजिश कर रहे हैं हर बिंदु पर जांच की जाएगी। पुलिस ने कहा कि ट्रक गायब होने का मुकदमा मैनपुरी में दर्ज कराया गया है। इस लिए ट्रक वहां की पुलिस को सौंपा जाएगा। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। मैनपुरी में मुकदमा दर्ज होने से सारा मामला अब मैनपुरी पुलिस देखेगी।