गोपीगंज। जगन्नाथपुर गांव में रविवार की रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत के मामले में सोमवार को पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बोलेरो को कब्जे में ले लिया।
मिर्जापुर जनपद के चील्ह थानाक्षेत्र के पखवैयां गांव निवासी राम सजीवन (38) पत्नी मंजू देवी के साथ रविवार की रात बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में बोलेरो के जोरदार धक्के से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने राम सजीवन को मृत घोषित कर पत्नी मंजू देवी की हालत नाजुक होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। मृतक राम सजीवन के जोहरपुर निवासी रिश्तेदार लालचंद की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया। उधर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।