जंगीगंज। कोइरौना थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव स्थित बलुआ गंगा घाट पर शुक्रवार को सुबह करीब आठ बजे घाट पर कुटिया बनाकर निवास कर रहे खंडेश्वरी बाबा का शव क्षत-विक्षत हाल में मिला। खबर लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि साधु पिछले पांच दिनों से लापता थे।
करीब एक साल पूर्व आसाम से खड़ेश्वरी बाबा (30) बलुआ घाट पर आए थे। वह जटाधारी बाबा के आश्रम से तीन सौ मीटर दूर गंगा के तट पर कुटिया बनाकर साधना करते थे। उनका किसी के पास आना-जाना नहीं होता था। स्थानीय लोगों की मानें तो 13 मई तक बाबा कुटिया में थे। इसके बाद वे लापता हो गए और लोग सोचे कि बाबा गुरु आश्रम चले गए होंगे, लेकिन शुक्रवार सुबह बाबा का क्षत-विक्षत शव मिलने पर लोग सकपका गए। चर्चा है कि बाबा की हत्या कर कुटिया में रखा सामान और रुपये लूट लिया गया होगा। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ कहने से कतरा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि मृतक बाबा कुटिया में ही गुफा का निर्माण कर साधना के लिए गुफा में उतरने वाले थे, लेकिन उसके पूर्व यह घटना हो गई।