ज्ञानपुर। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए अभियान में मंगलवार की रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। ऊंज, सुरियावां थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच के संयुक्त प्रयास से अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य हत्थे चढ़ गए। उनके निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की नौ बाइकें और एक चार पहिया वाहन बरामद किया। गिरोह के सदस्य चोरी के वाहनों का नंबर बदलकर को बेचते थे। पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने पत्रकारों से रूबरू होकर मामले का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार और सीओ ज्ञानपुर के निर्देशन में स्वाट प्रभारी अजय सिंह, एसओ ऊंज सुनील वर्मा और एसओ सुरियावां सत्येंद्र यादव की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम जिले में सक्रिय वाहन चोरों की छानबीन कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की रात वीरमपुर तिराहे के पास से शातिर वाहन चोर सोनू उर्फ संदीप वर्मा निवासी रामबाग सुरियावां, इंदल सरोज मलेपुर, राम साहब दूबे निवासी भरतपुर गोपीगंज को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की नौ बाइक और एक टाटा मैजिक बरामद किया गया। मामले में गिरफ्तार संदीप पूर्व में कई बार चोरी की घटनाओं में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उनका एक गैंग है, जो अलग-अलग जगहों पर बाइक चोरी करता है। धोखा देने की नीयत से वाहन का मूल नंबर बदलकर फर्जी नंबर अंकित करता है। चार से पांच हजार में बेच दिया जाता है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सचिन झा, इंदु प्रकाश, अजय यादव, अनिरुद्ध बैसवार, उमेश सिंह यादव, कुर्बान अली आदि रहे।