भाजपा की विजय संकल्प सभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में मंगलवार को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के खिलाफ नारेबाजी करने पर राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अंबरीष तिवारी की पिटाई कर दी गई। मंच के समीप पुलिस की मौजूदगी में लात-घूसों से पीटा गया।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की सभा चल रही थी तभी मंच के समीप राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा भदोही के जिलाध्यक्ष अंबरीष तिवारी बड़ी संख्या में युवाओं के साथ पहुंचकर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे वहां अफरातफरी मच गई। इस बीच भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और जिलाध्यक्ष समेत आधा दर्जन लोगों को पुलिस के सामने ही लात घूसों से पीटा। इसके बाद पुलिस ने बचकर भागने का प्रयास कर रहे ब्राह्मण युवजन सभा के जिलाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया।
उधर, सोशल मीडिया के माध्यम से अंबरीष तिवारी ने सांसद वीरेंद्र सिंह के बेटे पर आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल पर मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक ने कहा कि मंच पर होने के नाते उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, लेकिन सांसद पुत्र पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं, क्योंकि वह कार्यक्रम में थे ही नहीं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मंच के समीप मारपीट करने वाले युवक के खिलाफ 151 के तहत केस दर्ज कर चालान किया गया है।