ज्ञानपुर। लखनो में स्कूली वैन में आग लगने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग और उप संभागीय परिवहन कार्यालय की ढुलमुल कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना में बच्चों को झुलसने के बाद भड़के ग्रामीणों ने ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग को जाम कर दिया। नाराज लोग मौके पर प्रशासनिक अफसरों को देखते ही उग्र हो गए और पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। लोग घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
देर से पहुंचे ज्ञानपुर कोतवाल को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। नारेबाजी कर रहे ग्रामीण घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद ज्ञानपुर सीओ यादवेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। सुबह तकरीबन साढ़े 10 बजे एआरटीओ सत्येंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे तो ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया और वे जोर-जोर से नारेबाजी करने लगे। इस दौरान लोगों ने पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
आसपास के लोगों ने दिखाई मानवता
ज्ञानपुर। जिला अस्पताल में एक साथ पहुंचे 13 बच्चों के उपचार के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी सामने आई तो आसपास के लोगों और कुछ स्वयं सेवी संस्थाओं के लोगों ने मानवता का परिचय दिया। अस्पताल के बाहर मेडिकल स्टोर संचालकों से लेकर अन्य तमाम युवाओं ने पहुंचकर बच्चों के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया। दवा दुकानदार अपनी दुकान से दवाएं लेकर बच्चों के जले अंगों पर लगाने लगे। इसी तरह लायंस क्लब के पदाधिकारी हरेंद्र प्रताप सिंह, मनोज द्विवेदी, पप्पू, दिनेश श्रीवास्तव, विजय बिंद आदि ने बच्चों के इलाज में मदद कराई। घटना को लेकर जिला अस्पताल के आसपास की कई दुकानें बंद रहीं।
स्कूल में चल रही थी निजी वैन
ज्ञानपुर। दो साल पूर्व ही खरीदी गई निजी मारुति वैन को स्कूल से संबद्ध कर चलाया जा रहा था। प्राइवेट वाहन को शिक्षण संस्थान से संबद्ध करने का कोई रिकार्ड एआरटीओ या शिक्षा विभाग के पास नहीं था। गाड़ी मालिक अशोक दुबे के वैन से चालक मनोज यादव कई बच्चों को स्कूली बच्चों को ढो रहा था। इसकी कोई जानकारी विभाग के पास नहीं है। एआरटीओ सत्येंद्र यादव ने कहा कि निजी वाहन को स्कूल में लगाना गलत है। साथ ही वैन को रसोई गैस सिलिंडर से चलाया जाना भी ठीक नहीं है।