भदोही। कोतवाली क्षेत्र के जल्लापुर में बुधवार को सुबह सूत कारखाने में आग लगने से चार लाख कीमत के लगभग 4.5 टन सूत व आंगा जल का नष्ट हो गया। बकौल कारखाना मालिक आग शार्ट सर्किट से लगी। धुआं और आग की लपटें देख वहां नागरिकों ने आग बुझाना शुरू कर दिया था। बाद में कारखाना संचालक से सूचना मिलने पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाने में मदद की।
नगर के मोहल्ला जमुंद निवासी इफ्तेखार अहमद का सूत कारखाना जल्लापुर मे है। शाम को मजदूर कारखाने में होते हैं वे खुद रात्रि घर चले आते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह फोन आया कि काखाने में आग लग गई है तो वे तुरंत वहां पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को फोन से सूचना दी। सूचना के एक घंटे के अंदर दमकल की छोटी व बड़ी दो वाहन से कर्मी पहुंचे और आग बुझाना शुरू किया। वहां पहले से पब्लिक आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थी। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग को बुझाया।
कारखाना मालिक ने बताया कि आग से वहां रखे साढ़े चार टन तैयार सूती धागा तो जल गया, लेकिन मकान की क्षतिग्रस्त होने से बचा लिया गया। आग से सूत बनाने वाली तीन मशीन, संबंधित उपकरण भी जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के युवकों ने भी काफी दिलेरी दिखाई और आग बुझाने में मदद की। इस मौके पर वहां जुटे लोगों ने कहा कि गर्मी के आलम में हाई-लो वोल्टेज से शार्ट सर्किट की समस्या होती है। लोगों ने विभागीय अफसरों से समस्या को दूर करने की मांग की।