ज्ञांनपुर। नगर में बंद पड़े रोडवेज बस अड्डे के समीप सड़क पर सोमवार को एक युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। युवक की पहचान ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी माता प्रसाद उर्फ नेपाली (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक गंभीर बीमारी से पीड़ित था और दो-तीन दिन से घर से रिश्तेदारी के लिए निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया जाता है कि रामापुर गांव निवासी शोभनाथ का पुत्र नेपाली की शादी सुरियावां थानाक्षेत्र के घोरहा-महजूदा गांव निवासी लालमणि की पुत्री रिंकू देवी के साथ हुई थी। इस बीच घर में पत्नी को छोड़कर वह कमाई के लिए गुजरात चला गया था। जहां वह गंभीर बीमारी से संक्रमित हो गया। घर वापस लौटकर जिला चिकित्सालय में उपचार कराना शुरू किया। तीन दिन पूर्व वह इलाज कराने के नाम पर घर से निकलकर ससुराल गया था। कयास लगाया जा रहा है कि अपने साथ झोले में कुछ कपड़े रखकर वह ससुराल से वापस घर लौट रहा था और रोडवेज गेट के पास पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। मृतक एक पुत्री का पिता भी बताया गया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसका खुलासा नहीं हो पाया, लेकिन प्रकरण को लेकर गहमागहमी बनी रही।