ज्ञानपुर। गत दिनों यूपी के एक जिले में कोर्ट परिसर में हुई आपराधिक वारदात के बाद सोमवार को यहां कोर्ट परिसरों में खास एहतियात बरती गई। पुलिस ने निगहबानी बढ़ा दी। दीवानी न्यायालय संग सीजेएम कोर्ट में प्रवेश करने वाले लोगों की मेटल डिटेक्टर लगाकर तलाशी ली गई। पुलिस की चुस्ती देखकर एकबारगी लोग हैरत में पड़ गए। मगर बाद में पता चला कि सतर्कता बरती जा रही है।
पिछले दिनों आपराधिक किस्म के लोगों ने कोर्ट परिसर में घुस कर न्यायिक अधिकारी के सामने गोली मार दी थी। इसको लेकर शासन के निर्देश पर न्यायालयों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। सोमवार को सुबह 10 बजे से सीजेएम ज्ञानपुर, दीवानी न्यायालय के दोनों गेटों पर पांच से छह की संख्या में पुलिसकर्मियों ने मेटल डिटेक्टर से आने-जाने वालों की जांच शुरू कर दी। एक बारगी तो लोग अचरज में पड़ गए कि कोई अधिकारी आने वाला है क्या, लेकिन बाद में पता चला कि सुरक्षा के तहत जांच-पड़ताल की जा रही है। सीओ ज्ञानपुर कालू सिंह ने कहा कि न्यायालयों की सुरक्षा वैसे ही कड़ी रहती है। सूबे के कुछ इलाकों में हुई घटनाओं के मद्देनजर शासन के निर्देश पर जांच बढ़ा दी गई है।