ज्ञानपुर। पंचायत चुनाव की मतगणना की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है प्रशासन की तैयारियां तेज होती जा रही हैं। जिले के छह ब्लॉकों में होने वाली मतगणना पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए दिए गए हैं। मतगणना सीसीटीवी कैमरे की निगरानी कराई जाएगी। मतगणना पर्यवेक्षक संग सहायक नियुक्त हो चुके हैं। 1889 बूथों पर पड़े मतों की गिनती के लिए एक हजार कर्मचारी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। 79 न्याय पंचायतों की मतगणना के लिए 158 टेबल बने हैं। इस पर पर एक-एक पर्यवेक्षक और तीन-तीन गणना सहायक रहेंगे। करीब 200 सहायक अतिरिक्त रखे जाएंगे।
जिले में पहले चरण में जिला पंचायत के 26, प्रधान के 545, बीडीसी के 650 और ग्राम पंचायत सदस्य 3350 समेत कुल 4571 पदों के लिए 15 अप्रैल को मतदान हुआ था। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है। निर्वाचन एवं प्रशासनिक अफसर अब दो मई को होने वाले मतगणना की तैयारी में जुट गए हैं। मतपेटियों में कैद 14 हजार 328 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला दो मई को होगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने कहा कि मतगणना की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। ज्ञानपुर में गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज, सुरियावां में सेवाश्रम इंटर कॉलेज, भदोही में नेशनल इंटर कॉलेज, औराई में काशिराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज, डीघ में कालिकानगर इंटर कॉलेज और अभोली में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मतगणना होगी। जिले के 79 न्याय पंचायतों में दो-दो न्याय पंचायतों की मतगणना एक कमरे में होगी। जिसमें दो-दो टेबल लगाए जाएंगे। एक टेबल पर एक पर्यवेक्षक और तीन गणना सहायक लगाए गए हैं। करीब 800 पर्यवेक्षक और गणना सहायकों की ड्यूटी लगेगी। 200 पर्यवेक्षक और गणना सहायक अतिरिक्त रखे गए हैं। जिससे किसी को कोई दिक्क्त होगी तो उन्हें रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर हर टेबल की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से होगी। जिससे किसी भी स्तर पर मतगणना में गड़बड़ी नहीं हो सकेगी।