ज्ञानपुर जिला अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर बना आईसोलेशन वार्ड।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ चुका है। शासन और प्रशासन का खास निर्देश मिलने के बाद जिले के दो सरकारी अस्पतालों में बने आईसोलेशन वार्ड में 24 घंटे चिकित्सक और स्टॉफ नर्स की ड्यूटी लगा दी गई है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना वायरस को लेकर सभी जिलाधिकारियों से पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। जिससे प्रशासन संग स्वास्थ्य विभाग भी कोई कोताही नहीं बरतना चाहता। स्वास्थ्य विभाग की ओर से महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर और महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल भदोही में 10-10 बेड के आईसोलेशन वार्ड बनाया है। कई प्रांतों में कोरोना को महामारी घोषित होने और सरकार के अलर्ट मोड में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे चिकित्सकों और स्टाफ नर्स की ड्यूटी लगा दी है। जिला अस्पताल ज्ञानपुर के आईसोलेशन वार्ड में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक डॉ. आरपी गुप्ता, फार्मासिस्ट एचके त्रिपाठी, लैब टेक्नीशियन प्रमोद कुमार, वार्ड ब्वाय रामदरश यादव, दोपहर दो से रात आठ बजे तक डॉ. प्रदीप कुमार, उदय नारायण वर्मा, अनिल कुमार यादव, संजय कुमार सोनकर, रात आठ से सुबह आठ बजे तक डॉ. वीएस दूबे, अजीत कुमार यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चेस्ट फिजिशियन डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव को 24 घंटे अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। इसी तरह स्टाफ नर्स निधि पांडेय, साधना चौरसिया, प्रीति सिंह गहरवार, बबली यादव को क्रमवार माह भर की ड्यूटी दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जी लाल ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर सभी को खास हिदायत दी गई है।