कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। सभी पांच सीएचसी में 100 अतिरिक्त बेड बढ़ाए गए हैं जबकि जिला अस्पताल ज्ञानपुर में 20 बेड का पीकू वार्ड तैयार हो चुका है। पांच हजार नवजात, 22 हजार बच्चे और 38 हजार से अधिक किशोर को बचाने की विभाग तैयारी में जुटा है।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से बड़ी संख्या में लोगों ने जान गवाईं। अब अगस्त के अंतिम सप्ताह में संभावित तीसरी लहर से निजात पाने की मुहिम में स्वास्थ्य विभाग जुटा है। सुरियावां सीएचसी संग दो ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो चुके हैं जबकि जिला अस्पताल में पांच अगस्त तक प्लांट शुरू हो जाएगा। 10 से 15 अगस्त तक डीघ और औराई सीएचसी के ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने की संभावना है। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि सभी सीएचसी पर 100 बेड बढ़ाया गया है। जिले के सभी डाक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों व पैरामेडिकल स्टाफ का पिछले सप्ताह ही दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया है। ऑक्सीजन प्लांट के लिए जिले के 50बेड से अधिक निजी चिकित्सालयों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महाराजा बलवंत और चेतसिंह चिकित्सालय में100 बेड का ऑक्सीजन युक्त वार्ड बनाकर तैयार है। जिले में5099 नवजात शिशु, 22 हजार बच्चों और 38845 किशोरों को बचाने की तैयारी विभाग अभी से कर रहा है। वर्तमान में जिले में कुल सरकारी क्षेत्रों में 64 डॉक्टर हैं। इसमें 17 बाल रोग विशेषज्ञ मौजूद हैं। निजी चिकित्सालयों में वर्तमान में 39 डॉक्टर हैं।