लालानगर। बिजली विभाग के साथ कदम मिलाकर अनुरक्षण कार्य में लगी बेसिल कंपनी के खिलाफ संविदा लाइनमैनों ने बृहस्पतिवार को पावर हाउस गिराईं पर प्रदर्शन कर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। कहा कि कंपनी सुविधाओं का झांसा देकर उपकेंद्र पर संविदा के तहत तैनाती देकर काम तो करा लेती है, लेकिन लाइनमैनों को हक-अधिकार से वंचित कर देती है।
मामला चाहे नियुक्ति में धन उगाही का हो या फिर काम करते समय गंभीर घटनाओं का। हर मामले में कंपनी अपने वादे पर कभी खरा नहीं उतर पा रही है, जिसका परिणाम है कि संविदा कर्मियों की समस्या दिनोंदिन गहरा रही है। गिराईं पावर हाउस के अधीन कार्यरत लाइनमैन अंतराज बिंद निवासी होलपुर 27 जून को पोल पर चढ़कर काम रहा था। उसी समय करंट के झटके से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय अधिकारी अपनी कमी को छिपाने के लिए सहायता की बात कहकर चले गए उसके बाद न अनुरक्षण कंपनी ही घायल की सुधि ले सकी और न ही विभागीय अधिकारी। जबकि घायल के इलाज के लिए एक्सईएन ज्ञानपुर को भी पत्रक सौंपकर उचित कदम उठाने की मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण घायल के परिजन इलाज कराने में असमर्थ हो चुके हैं और घायल एक निजी अस्पताल में भर्ती होकर जीवन-मौत के बीच जूझ रहा है। जब तक कंपनी की ओर से बीमा, त्वरित आर्थिक का लाभ नहीं मिल जाता है तब तक संविदा लाइनमैन चुप नहीं बैठेंगे।
प्रदर्शन करने वालों में लालबहादुर, सत्यम, पंकज यादव, गिरधारी, सुरेश, शिवचंद, नीरज पांडेय, शिवबालक बिंद, लालबहादुर, रामविलाश,कल्लू मौर्या, सूर्यमणि, कन्हैयालाल, अभिषेक कुमार, रविंद्र कुमार, जटाशंकर, अशोक यादव आदि रहे। एक्सईएन मनोज कुमार सिंह ने कहा कि घायल की फाइल उनकी ओर से अनुरक्षण कंपनी को भेज दी गई है। प्रोजेक्ट मैनेजर वीके सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है शीघ्र ही घायल को बीमा का लाभ मिल जाएगा।