घोसिया। नगर के अलीनगर मोहल्ले में सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। इससे राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी अनभिज्ञ हैं। अहले हदीस मस्जिद से हाजी शहाबुद्दीन के मकान तक का मुख्य मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क किनारे बनी नाली गंदगी से पट जाने के कारण पानी बहकर पूरे मार्ग पर फैल रहा है।
इसी मार्ग से शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने के लिए नमाजी भी जाते हैं। मस्जिद जाने वाले नमाजियों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। इस बदहाल व्यवस्था से नमाजियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। गंदगी के कारण संक्रमित बीमारी का डर लोगों को सताने लगा है। वार्ड के मोहम्मद वकील, इम्तियाज अहमद, जफीउर रहमान, मोहम्मद कासिम आदि ने नगर प्रशासन से शिकायत की। इन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सभासद मेराज अहमद ने बताया कि लिखित शिकायत की गई है, लेकिन समस्या बनी है, अब जिलाधिकारी से शिकायत की जाएगी। ईओ अमित कुमार ने बताया कि समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा।