ज्ञानपुर। जिले के एमपी-एमएलए की अदालत ने पूर्व विधायक विजय मिश्र को 17 साल पुराने मुकदमे में राहत दी है। अदालत ने आचार संहिता के मामले में संदेह का लाभ देते हुए निचली अदालत की सजा को रद्द कर दिया। ऊंज थाने में वर्ष 2009 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। विजय मिश्र अन्य मामलों में आगरा जेल में निरुद्ध हैं।
मामला ऊंज थाने में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। समाजवादी पार्टी एवं निषाद पार्टी के पूर्व विधायक विजय मिश्र के खिलाफ 2009 में आचार संहिता का मामला दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में विशेष मजिस्ट्रेट एमपीएमएल प्रथम ने 13 जून 2024 को विजय मिश्रा को दोषी पाए जाने पर सजा सुनाई थी। इसी सजा के खिलाफ विजय मिश्रा ने अपील दाखिल की थी। अपील पर सुनवाई करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय एवं एमपी एमएलए पुष्पा सिंह ने अपने आदेश में कहा कि अपील स्वीकार की जाती है। विशेष मजिस्ट्रेट द्वारा पारित दोष सिद्ध का आदेश रद्द किया जाता है। विजय मिश्रा को संदेह का लाभ प्रदान करते हुए धारा 127-ए जन प्रतिनिधित्व अधिनियम से दोषमुक्त किया जाता है।
साथ ही आदेश दिया कि धारा 437(क) सीआरपीसी के तहत विजय मिश्रा एक सप्ताह के अंदर 20 हजार रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र और समान धनराशि के दो प्रतिभू संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत करेंगे। करीब एक महीने पूर्व कोर्ट ने पूर्व विधायक को संदेह का लाभ देते हुए आबकारी अधिनियम, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक साजिश के आरोपों में राहत दिया था।
पूर्व विधायक विजय मिश्र अन्य आपराधिक मामलों में भी आरोपित हैं जबकि कई मामलों में सजा हो चुकी है। गायिका से दुष्कर्म के मामले में वह आगरा जेल में निरुद्ध हैं। उसके खिलाफ 60 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब तक करीब पांच मामलों में उसे सजा भी मिल चुकी है।