लालानगर। एक कालीन कंपनी के विट्ठलपुर छतमी स्थित निर्माणाधीन परिसर में काम कर रहे मजदूर की सोमवार को ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गोपीपुर गांव निवासी मोहनलाल गौतम (45) विट्ठलपुर छतमी के पास कंपनी के निर्माणाधीन परिसर में काम कर रहा था। दीवार बनने के बाद टिन शेड रखने की तैयारी चल रही थी। सोमवार को सुबह पैर फिसलने के कारण गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों की सूचना पर प्रबंध तंत्र ने प्राथमिक इलाज के लिए उसे सीएचसी गोपीगंज में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कंपनी के मैनेजर आईबी सिंह ने कहा कि निर्माण का काम जो ठेकेदार देख रहा था, वह उसका श्रमिक था। हालांकि कंपनी उसके परिवार की हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है।