गोपीगंज। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 118वीं जयंती पर कांग्रेसजनों ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को थानीपुर स्थित सांसद कार्यालय का घेराव किया और थाली बजाकर विरोध-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष देवनारायण यादव के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने किसानों के आंदोलन का समर्थन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कृषि विरोधी कानून को वापस न लेने पर कांग्रेसी ईंट से ईंट बजाने के लिए तैयार हैं। कांग्रेस नेता विजय गौतम, सूफियान अहमद, माबूद खान ने कहा कि एक ओर सरकार द्वारा किसानों, गरीबों, मजदूरों और बेरोजगारों के हित की घोषण की जाती है तो दूसरी ओर विरोधी कानून को सदन से पारित करने का कुचक्र रचा जाता है। बेरोजगारों के लिए रोजगार, जनकल्याणकारी योजनाओं को भ्रष्टाचार से बचाने, खाद-बीज, सिंचाई की समुचित व्यवस्था देने की मांग की। दलबल के साथ पहुंचे गोपीगंज कोतवाल केके सिंह ने विरोध-प्रदर्शन करने वालों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गए, जहां निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। इस मौके पर राजबहादुर सिंह, शाह आलम, नाजिम अली, परवेज हाशमी, संतोष सिंह बघेल, जफर खान, इलियास अहमद आदि रहे।