भदोही जिले के वीएनजीआईसी बूथ पर बुधवार को मतदान के लिए लगी कतार।
बधाई भदोही! तमाम झंझावातों को दरकिनार कर जिले के लोगों ने बुधवार को दिल खोलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के मतदान के दौरान जिले में झमाझम 57.56 फीसदी वोट पड़े। सबसे ज्यादा मतदान (59.48 फीसदी) औराई विधानसभा क्षेत्र में हुआ। जबकि भदोही में 56.76 फीसदी और ज्ञानपुर में 56.45 फीसदी मतदान हुआ।
छिटपुट मामूली घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे जिले में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। मतदान को लेकर उत्साहित लोगों की सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। आलम यह रहा कि सुबह से लेकर शाम तक मतदान की औसत रफ्तार बनी रही। इस दौरान रुक-रुक कर मतदाताओं की कतारें लगती रहीं। सुबह नौ बजे तक 10.83 प्रतिशत मतदान हो गया। जबकि 11 बजे तक यह आंकड़ा 25.45 फीसदी तक पहुंच गया।
दोपहर एक बजे तक मतदान का प्रतिशत चढ़ते हुए 41.24 फीसदी तक पहुंच गया। लगभग सभी इलाकों में प्रमुख मतदान केंद्रों पर वोट बरसते रहे। क्या बूढ़े, क्या बीमार और क्या विकलांग, सभी में मतदान के प्रति जबर्दस्त उत्साह देखा गया। दोपहर बाद तीन बजे तक जिले का मतदान प्रतिश 52.09 तक पहुंच गया। इसके बाद लगा कि मतदान खत्म होने के समय शाम पांच बजे तक यह आंकड़ा 60 फीसदी के पार चला जाएगा और पिछले कई सालों से जिले का फर्स्ट डिवीजन से पास न होने का मलाल खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा न हो सका। शाम पांच बजे तक जिले का मतदान प्रतिशत 57.56 प्रतिशत पर आकर ठहर गया। जिले के कुल 11 लाख 31 हजार 20 मतदाताओं में से छह लाख, 51 हजार से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद पीठासीन अधिकारियों ने मतदान बंद करवा दिया। ईवीएम सील कर दी गईं और पार्टियां स्ट्रांग रूम की ओर रवाना हो गईं।