जिले की तीनों विधानसभाओं के बूथों पर मंगलवार शाम तक पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गईं। बुधवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्स और पीएसी के जवानों ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। सुरक्षा के मद्देनजर जिले को 12 जोन और 68 सेक्टरों में बांटा गया है। मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट लगातार चक्रमण करते रहेंगे।
प्रदेश में सात चरणों में होने वाले चुनाव में अंतिम चरण के लिए वोट आठ मार्च को डाला जाएगा। जिले के औराई, भदोही और ज्ञानपुर विधानसभा में बुधवार सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाला जाएगा। मतदान को संपन्न कराने के लिए मंगलवार को सुबह आठ बजे से ही कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। तीनों विधानसभाओं के अलग-अलग बने पंडाल से रिटर्निंग आफिसर समेत अन्य अधिकारियों की देखरेख में पीठासीन और मतदान अधिकारियों को ईवीएम सौंपा गया। उसके बाद सभी लोग चुनाव ड्यूटी में लगे वाहनों से बूथों पर रवाना हुए। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कार्मिक और पीठासीन रवाना होते रहे। तीनों विधानसभा के मतदान कर्मियों और पीठासीन अधिकारियों की संख्या अधिक होने से कलेक्ट्रेट पर दिनभर मेले जैसा माहौल रहा। शाम तक सभी बूथों पर मतदान कार्मिक, पीठासीन अधिकारी और पैरामिलीट्री फोर्स के जवान पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से जिले को 12 जोन और 68 सेक्टर में बांटा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी अधिकारियों और जवानों को निर्देशित किया गया है कि वह मतदान के दौरान उच्चाधिकारियों के संपर्क में रहेंगे। कहीं भी छोटा मामला भी होगा तो उसके बारे में अवगत कराएंगे।