गोपीगंज। नगर के पुलिस चौकी पर स्थित 630 केवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार की दोपहर में तेज धमाके के साथ जल गया। इससे नगर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली बाधित होने से पेयजल के लिए हाहाकार मच गया। नाराज नगर के लोगों ने पालिका और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सोमवार को लगा ट्रांसफार्मर मंगलवार को फिर से जल गया। इससे नगर में बिजली के साथ पेयजल की किल्लत ने लोगों को परेशान कर दिया। गोपीगंज नगर का सदर मोहाल, छोटा चौराहा, खरहट्टी मोहाल, चुड़िहारी मोहाल के लोग पेयजल सप्लाई पर ही निर्भर हैं। इन मोहल्लों में न तो हैंडपंप लगाए गए हैं न ही सबमर्सिबल। गिनती के हैंडपंप लगे हैं, वह भी खराब होने से पानी नहीं दे रहे हैं। इससे बिजली नहीं होने से पानी के लिए मुश्किलें बढ़ गईं हैं। बताया जाता है कि लोगों ने जैसे तैसे कर अंधेरे में रात गुजारी, लेकिन सुबह होते ही पानी की तलाश में इधर उधर भटकने लगे। संयोग से चुड़िहारी मोहाल में स्थित मस्जिद के पास एक हैंडपंप चालू हालत में मिला। वहां से पानी ले जाकर लोगों ने अपनी दिनचर्या को आगे बढ़ाया। नाराज नगरवासियों ने पालिका और बिजली विभाग के खिलाफ नारे लगाए। पूर्व सभासद दिनेश अग्रहरी सहित सभासद डॉ. आनंद मोदनवाल ने बताया कि शासन की ओर से नगर पालिका को हैंडपंप लगाने के लिए लाखों रुपये मिलते हैं लेकिन उनकी बंदरबांट कर ली जाती है। मोहल्ले के सरफराज, कल्लू खान, अब्दुल बाकी, सरवर खान, कलीमुद्दीन, गुड्डू, पप्पू, लल्लू आदि रहे।
गोपीगंज। नगर के राजमार्ग स्थित पुलिस चौकी पर लगे ट्रांसफार्मर के जल जाने से तीन दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। बिजली विभाग के पास नये ट्रांसफार्मर के लिए पैसे का अभाव होने पर व्यापार मंडल ने व्यापारियों से चंदा जुटा कर विभाग को दिया। मिर्जापुर से ट्रांसफार्मर मंगाया गया था लेकिन, विभाग इसका खर्च वहन नहीं कर पा रहा था तो व्यापारियों ने अपनी सुविधा के लिए चंदा इकट्ठा कर विभाग को दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने बताया कि शाम तक ट्रांसफार्मर विभाग के पास आ चुका है। इसे बृहस्पतिवार तक लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस मौके पर मुकुंद लाल, रमेश, कौशल, लल्लू, अनिस जायसवाल, पंकज, उमर, डॉ. कोमल मोदनवाल, बुद्धु, विनीत मिश्रा आदि रहे।