ज्ञानपुर। जिले में रविवार को नरक चतुर्दशी पर लोगों ने यम को दीपदान कर छोटी दिवाली मनाई। यम को प्रसन्न करने के लिए गृहणियों ने घर के मुख्य द्वार और व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों के बाहर दीप जलाए। छोटी दिवाली के दिन यम को दीप जलाने से परिवार में किसी की अकाल मृत्यु नहीं होती। छोटी दिवाली के मौके पर जिला स्टेडियम में खिलाड़ियों ने दीप शृंखला बनाईं। नगर में दुकान और भवन आकर्षक लाइटों से सजाया गया। भिदिउरा निवासी आचार्य गणेश पांडेय ने बताया कि छोटी दिवाली लोगों ने श्रद्धा पूर्वक मनाया। दिवाली की पूर्व संध्या होने पर पटाखों की दुकानें सजी रहीं।
ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, सुरियावां, घोसिया, नईबाजार, खमरिया, जंगीगंज, चौरी, सीतामढ़ी, दुर्गागंज, अभोली, सर्रोई, मोढ़, कौलापुर, ऊंज, वहिदानगर इलाके में नरक चतुर्दशी पर लोगाें ने घर के बाहर यम के नाम पर दीप जलाए। ज्ञानपुर जीआईसी मैदान, सुरियावां नगर पंचायत मैदान, भदोही रामलीला मैदान, दुर्गागंज, रजपुरा में विजयदशमी मैदान, नई बाजार रामलीला मैदान, गोपीगंज रामलीला मैदान में पटाखे की दुकानें सजी हैं।