माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा में नकल पर सख्ती का असर शिक्षा माफिया पर नहीं दिख रहा है। बुधवार को प्रथम पाली की परीक्षा में 19 परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी बंद हो गई। इसके चलते उन केंद्रों का कंट्रोल रूम से संपर्क नहीं हो सका। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सर्वर के कारण इस तरह की दिक्कत पैदा हुई।
नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके माध्यम से जनपद के सभी 90 परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन नजर रखी जा रही है। परीक्षा के शुरूआत से ही व्यवस्था डांवाडोल होती नजर आ रही है। जिलाधिकारी की सख्त हिदायत का भी असर नकल माफिया पर नहीं दिख रहा है। नेटवर्क का बहाना बनाकर सीसीटीवी कैमरा बंद कर दिया जा रहा है। बीते 24 मार्च से शुरू हुई परीक्षा में हर रोज आठ से 20 केंद्र कंट्रोल रूम से नहीं जुड़ पा रहे हैं। इससे पारदर्शी व्यवस्था पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि कुछ केंद्रों के प्रभारी एक से दो घंटे तक सीसीटीवी बंद कर देते हैं। फोन आने पर कहा जाता है कि सर्वर में दिक्कत के कारण ऐसी समस्या पैदा हो रही है। बुधवार को जिन परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी बंद मिले, उसमें कोइरौना, कौलापुर, सेमराध, जयरामपुर, खरगापुर सहित अन्य शामिल हैं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता का कहना है कि सर्वर की समस्या से इस तरह की दिक्कत पैदा हो रही है। इस बारे में केंद्र प्रभारियों से जानकारी ली जाएगी।