औराई कोतवाली के एक गांव निवासी मुस्लिम महिला ने एक युवक पर जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराने और शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसका बुर्का उतरवाकर उसे जबरदस्ती पूजा में बैठाया गया। वहीं आरोपी द्वारा उसका शोषण भी किया गया। आरोपी के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
औराई कोतवाली के एक गांव निवासी मुस्लिम महिला ने बताया कि उसका उसके पति के साथ विवाद चल रहा है। मुकदमे की पैरवी के लिए वह मुंबई से भदोही आई। इस बीच उसकी मदद करने के नाम पर सिउर जयरामपुर निवासी नीतीश चौबे ने जान पहचान बढ़ाई। आरोप लगाया कि वह उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा और अधिकारियों से मिलवाने के बहाने मिर्जापुर के धर्मस्थलों पर ले गया।
दावा किया कि उसके साथ एक अन्य महिला भी थी। जिसका उसने धर्म परिवर्तन कराया था। धर्म परिवर्तन कराने से इनकार करने पर धमकी भी दी। इस बीच उसने कई बार उसका शारीरिक शोषण किया और संबंध बनाने का प्रयास किया। यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उनसे 15 लाख रुपये की डिमांड भी की और उसने उनके पति और अन्य को भी उनके खिलाफ भड़काने का प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि युवक के खिलाफ धमकाने, यौन उत्पीड़न के साथ धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया कि जिस महिला ने मुकदमा दर्ज कराया है। उसने इसके पहले भी अपने पति और परिजनों के खिलाफ मुंबई और औराई में मुकदमा दर्ज करा चुकी है।
आरोपी युवक इसके पहले महिला की पैरवी करता था, लेकिन किसी कारण वह पति का सहयोग करने लगा। महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है।