भदोही। कोतवाली पुलिस ने एक न्यूज पोर्टल संचालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। भदोही कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण शेखर ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया था कि चौरी रोड निवासी एजाज अहमद ने 16 अप्रैल को चलाए गए समाचार में धर्म विशेष द्वारा शहर में जगह लगाए गए धार्मिक झंडों पर सवाल उठाते हुए पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाया था।
बताया जाता है कि यू-ट्यूब पर उक्त खबर प्रसारित होने के बाद एक वर्ग के लोगों में नाराजगी बढ़ गई तथा कई लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। इसका संज्ञान लेते हुए कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी ने उक्त प्रसारण की खुद जांच की तथा लोगों की नाराजगी और शिकायत को सही पाया। तब उन्होंने स्वयं पोर्टल संचालक के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी। जिसके बाद उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इस बाबत कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल को उक्त खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। बताया कि मामले में शहर का माहौल खराब करने समेत अन्य दृष्टिकोण से पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस बीच संचालक द्वारा कथित वीडियो यू-ट्यूब से हटा दिया गया है।