आठ मार्च को तीनों विधानसभा सीट पर मतदान के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन तनाव अब भी कायम है। भागदौड़ से राहत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को सभी बूथ एजेंटों से एक-एक वोट की आंकड़ेबाजी लेते नजर आए। सभी अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
भदोही: सपा प्रत्याशी जाहिद बेग ने मतदान के बाद भदोही स्थित आवास पर आराम किया। चुनाव की गहमागहमी से खाली होकर उन्होंने बृहस्पतिवार को बाल कटवाया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और बूथ प्रभारियों से वोटों की आंकड़ेबाजी में जुटे रहे। बसपा प्रत्याशी रंगनाथ मिश्र ने बृहस्पतिवार सुबह छह बजे चाय की चुस्कियों संग समाचार पत्र पढ़ा और उसके बाद बूथ एजेंटों से वोटिंग के लेकर वार्ता की। भाजपा प्रत्याशी रवींद्रनाथ त्रिपाठी बृहस्पतिवार को पूरे दिन नेतानगर स्थति कार्यालय पर बिताया। विधानसभा के एक-एक बूथ पर पड़े वोटों का अंकगणित समझने में लगे रहे।
ज्ञानपुर: निषाद पार्टी के प्रत्याशी विजय मिश्र मतदान दिवस पर दिनभर की भागदौड़ के बादत धनापुर आवास पर ही रात भर आराम किया। बृहस्पतिवार को भी पूरा दिन आवास पर ही गुजारी। सुबह से लेकर शाम तक समर्थकों संग बूथवार मिले वोटों की आंकड़ेबाजी की। सपा प्रत्याशी रामरति बिंद ने भी मतदान के बाद राहत की सांस ली। बृहस्पतिवार सुबह को घर पर और दोपहर में केंद्रीय कार्यालय पर वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच बूथवार मिले वोटों पर मंत्रणा करते नजर आए। भाजपा प्रत्याशी महेंद्र बिंद भी चुनावी सीजन में भागदौड़ के बाद बृहस्पतिवार को पूरा दिन आराम से गुजारा। बसपा प्रत्याशी राजेश यादव भी कैडर वोट के सहारे जीत के प्रति आश्वस्त हैं। बृहस्पतिवार सुबह उठने के बाद वोटों के अंकगणित में उलझे रहे।