विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को बुलावा टोली के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें टीम को घर-घर जाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि विधानसभा चुनाव में जिले में सातवें चरण में सात मार्च को मतदान होना है। चुनाव आयोग मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को कई सुविधाएं दे रहा है। ऐसे में मतदान प्रतिशत 90 के पार पहुंचाने के लिए बुलावा टोली सहायक होगी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बुलावा टोली हर घर तक पहुंचकर लोगों को बूथों तक आने के लिए प्रेरित करेगी। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में आए बुलावा टोली के सदस्यों से कहा कि एक-एक वोट का महत्व है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी है। जिले की तीनों सीटों पर मतदान ज्यादा से ज्यादा कराने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं, युवाओं, दिव्यांगजनों सभी को जागरूक किया जा रहा है। इस बार निर्वाचन आयोग ने बुजुर्गों, दिव्यांगजनों को घर से मतदान के लिए मौका दिया है। कार्यक्रम में सीडीओ भानू प्रताप सिंह, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह आदि मौजूद थे।