ज्ञानपुर। खमरिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या सात के सदस्य पद के लिए उपचुनाव के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी हो गई। उपचुनाव 14 जनवरी 2020 को कराया जाएगा। मतगणना 16 जनवरी को होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी नगर निकाय ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि उपचुनाव के लिए वही प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जो नगर निकाय चुनाव के लिए अपनाई जाती है।
खमरिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या सात की सदस्य सीट रिक्त हो गई है। इस पर उप चुनाव के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने अधिसूचना जारी की। जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक 19 से 26 दिसंबर के बीच सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर बाद तीन बजे तक नामांकन पत्रों की खरीद और जमा करने की प्रक्रिया चलेगी। 27 को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 30 दिसंबर को पर्चा वापसी की तिथि तय की गई है। 31 को चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 14 जनवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। 16 जनवरी को सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी। इस सूचना के अधीन निर्वाचन अधिकारी नगर पंचायत खमरिया 19 दिसंबर को जारी करेंगे। नामांकन पत्रों को भरने, जांच, नाम वापसी, प्रतीक आवंटन और मतगणना की प्रक्रिया तहसील मुख्यालय औराई में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी नगर निकाय ने बताया कि निर्धारित तिथि पर अगर अवकाश पड़ते हैं तो भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारणी के मुताबिक प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।