घोसिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के घोसिया पोखरा के पास सोमवार को सुबह बाइक और बुलेट की टक्कर में छह साल की शिवानी पुत्री उमाशंकर निवासी घोसिया घायल हो गई। निजी अस्पताल में प्राथमिकी उपचार के बाद बालिका को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। वाराणसी के नाटी इमली भवानी निवासी सचिन तिवारी अपनी बुलेट से प्रयागराज एलएलबी की परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान घोसिया निवासी उमाशंकर अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। परिवार जब घोसिया पोखरा के पास सड़क पार कर रहा था उसी दौरान प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने उनकी पुत्री शिवानी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण हुई कि शिवानी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। हादसे में बाइक सवार सचिन तिवारी को भी मामूली चोटें आईं। हेलमेट पहनने के कारण वह गंभीर चोट से बच गए, हालांकि इस दुर्घटना के चलते उनकी एलएलबी परीक्षा छूट गई। शिवानी के परिजनों ने बच्ची को ठीक होने तक बुलेट वापस न देने को कहा। सचिन ने इलाज का पूरा खर्च देने का आश्वासन दिया।