गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के चितईपुर बैदा गांव के पास सोमवार को बाइक की चपेट में आने से नंदिनी (13) बेटी देवी प्रसाद बिंद निवासी चितईपुर की मौत हो गई। घटना में बाइक सवार पिंटू (24) निवासी गोधना सूफीनगर घायल हो गया, जबकि एक युवक भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चितईपुर निवासी नंदिनी सोमवार को दोपहर में घर से सरसों लेकर तेल पेराने जा रही थी। इसी दौरान शांति बालिका इंटर कॉलेज धीरपुर के पास बाइक सवार ने धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि नंदिनी चार बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। घटना के बाद बाइक सवार बेहोश हो गया। सीएचसी ले जाने पर उसे होश आया। उसकी पहचान पिंटू निवासी गोधना के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर एक युवक और बैठा था। घटना के बाद वह वहां से भाग गया। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि वाहन में कब्जे में ले लिया। उपचार के बाद बाइक सवार को हिरासत में लिया गया है। दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।