राजमार्ग पर सर्विसलेन के किनारे अवैध रुप से रखे बालू को हटाती जेसीबी मशीन। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/सुरियावां। राजमार्ग और भदोही तहसील प्रशासन ने शुक्रवार को अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बुलडोजर चलवाया। इससे अवैध तरीके से कब्जा करने वालों में हलचल मची रही। लोगों की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई में पहले सभी को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी जारी की गई थी।
तहसीलदार भदोही एसपी प्रजापति ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस बल के साथ सुरियावां के बाईपास चौराहा-गल्ला मंडी मार्ग के किनारे हुए अतिक्रमण को हटवाया गया है। पूर्व के दिनों में राहगीरों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सकरे मार्ग का अधिकांश भाग अतिक्रमण के दायरे में होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। एनएचएआई का मरम्मत अनुभाग ने बृहस्पतिवार की देर रात जेसीबी लगाकर जंगीगंज के पास राजमार्ग के सर्विसलेन के किनारे, डिवाइडर और नाले पर अवैध ढंग से रखे बालू, गिट्टी, पत्थर की पटियों को हटाया है। सचल दल प्रभारी राहुल तिवारी ने बताया कि हंडिया-राजातालाब के 80 किमी वाले राजमार्ग खंड का 30 किमी हिस्सा भदोही जिले से होकर पूर्वी सीमा बाबूसराय, पश्चिमी सीमा ऊंज को जोड़ता है। मुख्य लेन पर बड़े वाहन तो सर्विसलेन से बाइक, आटो, साइकिल, पैदल चलने के लिए व्यवस्था दी गई है। बिल्डिंग मैटेरियल, गैरेज, पत्थर कुटाई, चाय-नाश्ता की दुकानें बड़ी संख्या में अवैध ढंग से लगायी गई हैं जिनसे हादसे हो रहे हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उक्त कार्रवाई की गई। ज्ञानपुर : एनएचएआई का मरम्मत अनुभाग ने शुक्रवार को दिन में होटल-ढाबा संचालकों को चेतावनी देने के लिए इमरजेंसी वाहन के साथ क्षेत्र में चक्रमण किया। छतमी स्थित एक ढाबे पर काफी देर तक चली गहमागहमी पर ढाबा संचालक ने बैनर-पोस्टर को हटाया। सचल प्रभारी राहुल तिवारी ने बताया कि राजमार्ग के उत्तरी और दक्षिणी लेन से सटकर बैनर-पोस्टर सजाए जा रहे हैं बल्कि लोहे के बने बोर्ड को बिना अधिकृत कराए लगाना किसी भी समय बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है। अनाधिकृत रुप से कई जगह लगे बोर्ड, बैनर-पोस्टर लगाने वालों को चिन्हित कर क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज, वाराणसी भेजा जा चुका है। परियोजना निदेशक एनएचएआई एके राय ने कहा मेंटनेस अनुभाग की रिपोर्ट पर अभियान चलाने की रणनीति तय कर ली गई है।