लालानगर। औराई के लालानगर स्थित टोल प्लाजा पर हाईवे के आसपास लगी दुकानों को बृहस्पतिवार को हटाया गया। एनएचआई और पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इससे दुकानदारों में खलबली रही।
लालानगर टोल प्लाजा के पास सड़क के किनारे अवैध ढंग से कई दुकानें लगाई गई थीं। इससे वहां रुकने वाले ग्राहकों के वाहन हाईवे पर ही खड़े रहते थे। इससे अक्सर जाम लगता और घटनाएं भी होती। पूर्व में दुकानदारों को चेतावनी देकर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था, लेकिन वह नहीं हटाए। बृहस्पतिवार को पुलिस और एनएचआई टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान कई दुकानों को जेसीबी लगाकर हटाया गया। कार्रवाई के दौरान विनोद कुमार, सुरेश कुमार, रामजी पाल, शिव शंकर की चाय नाश्ता कोल्ड ड्रिंक के साथ अन्य दुकानें हटाई गईं। टोल प्रबंधक राकेश रंजन ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।