भदोही नगर के राजकीय महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल में बनकर तैयार 50 बेड और 320 क्षमता वाले दो आक्सीजन प्लांट पूरी तरह से तैयार हैं तक आक्सीजन का उत्पादन भी शुरू हो गया है। हलांकि अभी इसका विधिवत शुभारंभ होना बाकी है। बुधवार की शाम नई दिल्ली से रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की टीम ने दोनो आक्सीजन प्लांटों का निरीक्षण कर इसे पूरी तरह से तैयार बताया।
टीम का नेतृत्व कर रहे डा.कपीश चंद मीना ने बताया कि यहां उत्पादित आक्सीजन की नई दिल्ली डीआरडीओ के लैब भेज कर शुद्धता की जांच कराई गई जिसमे यहां का आक्सीजन पास हो गया है। अब यह पूरी तरह से आक्सीजन उत्पादन के लिए तैयार है। बताया कि 50 बेड वाला नान कोविड हालातों के लिए आक्सीजन उत्पादन करेगा जबकि 320 बेड क्षमता वाला प्लांट एमबीएस में ही बने एलटू कोविड हास्पिटल के लिए कोविड मरीजों के लिए स्थापित किया गया है। कहा कि 50 बेड क्षमता वाले से 250 लीटर प्रति मिनट तथा 320 बेड क्षमता वाले प्लांट से 850 लीटर प्रति मिनट आक्सीजन तैयार होगा।
निरीक्षण मे मौजूद रहे अस्पताल के सीएमएस डा.जयनरेश ने बताया कि हमारा प्लांट हर तरह से तैयार है। विधिवत शुभारंभ कब होगा इसका निर्णय जिला प्रशासन को करना है। आशा जताई कि शीघ्र शुभारंभ होकर लोकार्पण हो जाएगा।