यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को इस बार सहायक उपलब्ध कराए जाएंगे। पूर्ण रूप से दृष्टि बाधित या शरीरिक रूप से दिव्यांगजनों के लिए स्वकेंद्र की व्यवस्था की जाएगी। उनकी परीक्षा विद्यालय स्तर पर ही कराई जाएगी। इन छात्रों की मांग पर उन्हें सहायक मिलेंगे।
जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 75 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 45 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। केंद्र निर्धारण के लिए आई 57 आपत्तियों का निस्तारण भी करीब-करीब हो चुका है। इस बार की बोर्ड परीक्षा में दिव्यांग परीक्षार्थियों को कोई दिक्कत न हो, इसलिए सुविधाएं दी जा रही हैं। दिव्यांग छात्रों को सहायक मिलेंगे। सहायक उन्हीं छात्रों को बनाया जाएगा, जिसकी शिक्षा परीक्षा देने वाले छात्र से कम से कम एक कक्षा नीचे हो। दृष्टि बाधित परीक्षार्थियों को ब्रेल लिपि में भी प्रश्नों के उत्तर देने की सुविधा इस बार दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दिव्यांग या दृष्टि बाधित परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए निर्धारित अवधि के अतिरिक्त 20 मिनट प्रति घंटे के हिसाब से मिलेगा। यानि उन्हें परीक्षा के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता ने बताया कि शारीरिक रूप से या दृष्टि बाधित दिव्यांग छात्रों को सहायक मिलेंगे। सहायक की सुविधा दिए जाने संबंधी पत्र मिला है। बोर्ड परीक्षा की तिथि निर्धारित होने के बाद छात्रों को जानकारी दी जाएगी।