ज्ञानपुर। जमीन, जायदाद और आपसी रंजिश को लेकर रविवार को जमकर खूनी संघर्ष हुआ। जिले के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुईं मारपीट की पांच घटनाओं में 27 लोग घायल हो गए। ऊंज थानाक्षेत्र के सारीपुर (अइनछ) गांव में जलनिकासी के विवाद में फावड़े के वार से एक व्यक्ति कोमा में चला गया। मारपीट की घटनाओं में पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में कराया जा रहा है।
ऊंज क्षेत्र के सारीपुर गांव में संतोष पांडेय और अनिल पांडेय के परिवारों के बीच जमीन विवाद चल रहा था। संतोष पांडेय के हैंडपंप का पानी जिस जमीन में जमा होता था, उस पर विपक्षी अपना दावा करते हुए पानी बहाने का विरोध कर रहे थे। जबकि संतोष के परिवार वालों का कहना था कि उनका पानी उन्हीं की जमीन में बहता है। इसी बात को लेकर रविवार को दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों परिवारों की महिलाएं और पुरुष भिड़ गए। इसी बीच एक युवक ने पीछे से संतोष पांडेय के सिर पर फावड़े से प्रहार कर दिया। फावड़ा लगते ही वह गिर पड़े। इससे वह कोमा में चले गए। हालत नाजुक देखते हुए स्थानीय चिकित्सालय से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। इसके अलावा रेशमा देवी (40), सतीश पांडेय (18) और नीतेश पांडेय (16) भी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ऊंज क्षेत्र के ही गोधना गांव में जमीन को लेकर हुई मारपीट की एक अन्य घटना में हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने के बाद तहसीलदार देवेंद्र यादव की टीम जैसे ही वापस हुई, विपक्षियों ने जगदंबा प्रसाद (24), हरिओम (18), प्रमिला देवी (45), संतोष चौहान (48) को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि उन्हें घर में घुसकर पीटा गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ दी गई तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी रही।
तीसरी घटना चौरी थानाक्षेत्र के कपालडीह गांव में भूमि विवाद में हुई। मारपीट में राजू (20), राहुल (19), सुनील (26 ), खुशियाल (18) घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के खड़हट्टी मोहाल-कोइरान गली में बिजली के तार हटाने को लेकर हुई मारपीट की एक अन्य घटना में एक पक्ष से नानक प्रजापति (38), विकास कुमार (18), महेंद्र कुमार प्रजापति (35), बड़ेलाल प्रजापति (45) और दूसरे पक्ष से त्रिवेणी कुमार (24), रामलखन प्रजापति (27), संजय कुमार प्रजापति (45), आशीष प्रजापति (18), कृपाशंकर (42), रविशंकर (32), मनीष प्रजापति (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्षों से 11 लोगों का चालान कर दिया। पांचवीं घटना जगापुर पड़ान में महिलाओं पर छींटाकशी को लेकर हुई। इस दौरान मारपीट में एक पक्ष के राजेश कुमार पांडेय (45), तेजा पांडेय (17), अनीता पांडेय (32) को चोट आई। सीएचसी गोपीगंज में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।