गोपीगंज के सोनिया तालाब मोहल्ले में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर बैरिकेडिंग लगाते पालिका कर्मचा?
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज/ऊंज। रविवार को भी गोपीगंज नगर, ज्ञानपुर के गोपीपुर यादव बस्ती, नवधन की यादव बस्ती में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद तहसीलदार देवेंद्र यादव ने हॉटस्पॉट इलाकों को सील कराया। राजस्व कर्मियों और नगर पालिका, नगर पंचायत, ब्लॉक कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बस्ती को सील किया। साथ ही बैरिकेडिंग कर बचाव के लिए निर्देश देते रहे। अनलॉक के बाद पुन:बंदी होने पर भी लोग बचाव के प्रति ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। गोपीगंज के धईकरान महाल निवासी कृष्णा प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट निगेटिव आने पर लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन पेट की आग की बेवशी ने सोशल डिस्टेंसिंग के मानक और मास्क लगाना भुला दिया है। सोनिया तालाब, चिकान गली में पॉजिटिव केस मिलने के बाद इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर सील करा दिया गया।
कोरोना विजेताओं का सम्मान
सुरियावां। क्षेत्र के नेतानगर में एक ही परिवार के चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। कोरोना से जंग जीतकर लौटे तीन लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। नेता नगर निवासी और रोडवेज बस चालक सहित परिवार के चार लोग कोरोना की चपेट में आए थे। उनको इलाज के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। चालक और दो पुत्री एवं एक पुत्र रविवार को ठीक होकर लौट आए।