अयोध्या में कार सेवकों को मरवाने वाले बयान से नाराज भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रविवार को दुर्गागंज तिराहे पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का पुतला जलाया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सपा मुखिया पर प्रदेश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह वोट के खातिर देश की अखंडता से खिलवाड़ कर रहे हैं। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विनय पांडेय के नेतृत्व में रविवार को 15 से 20 कार्यकर्ता दुर्गागंज तिराहे पर एकत्रित हुए।
कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए पुतला जलाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा मुखिया वोट की खातिर कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुस्लिम तुष्टीकरण की सारी हदें पार कर चुुकी है। जनता सपा सरकार की इस तुष्टीकरण को समझ चुकी है। उत्तर प्रदेश में आगामी 2017 विधानसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी को इसका खामियाजा जरूर भुगतना होगा।
पुतला दहन में अखंड प्रताप, विवेक दूबे, पंकज जायसवाल, नवनीत मिश्रा, अश्वनी अग्रवाल, पवन पांडेय, कपिल मिश्रा, चिंटू उपाध्याय, पंकज बिंद, जगन्नाथ यादव, भूपेंद्र मौर्य आदि रहे।