मंगलवार को अपराह्न करीब ढाई बजे भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर हरिकरनपुर गांव के समीप पिकअप के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक जौनपुर जिले के सिरौली मीरगंज गांव के निवासी थे। अपने किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे, तभी हादसे के शिकार हो गए।
पुलिस के अनुसार पड़ोसी जनपद जौनपुर के सिरौली मीरगंज निवासी आनंद यादव (28) बाइक से किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे। हरिकरनपुर गांव के पास पहुंचे थे, तभी एक पिकअप ने धक्का मार दिया। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर पड़े होने की स्थिति में राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां भेजा। वहां हालत में सुधार न होते देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी अचानक उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक दुर्गागंज चित्रकूट पुरी ने बताया कि युवक की मौत की जानकारी परिवार वालों को दे दी गई। पिकअप चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।