वहिदानगर। कोइरौना थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी विकास बिंद (22) की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने दोस्त की बरात में शामिल होने प्रयागराज गया था। घर लौटते समय भीटी में खड़े ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई।
बसही निवासी विकास बिंद अपने मित्र की बरात में शामिल होने प्रयागराज जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र के भीटी गांव गया था। पिता लालमणि ने बताया कि बुधवार को भोर में करीब चार बजे वह घर लौट रहा था। भीटी स्थित जीटी रोड के किनारे खड़े ट्रक से उसकी टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास की मौके पर मौत हो गई।
हादसे की जानकारी पाकर मौके पर हंडिया पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मां चमेला देवी बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रहीं। विकास दो भाइयों में बड़ा था।