भारतीय किसान मजदूर यूनियन स्वदेशी के पदाधिकारियों ने शनिवार को सांसद रमेशचंद बिंद से मिलकर जनसमस्याएं बताईं। इसके बाद सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर लोगों की समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री राजेश प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष संतोष वर्मा ने कहा कि नगरपालिका गोपीगंज के वार्ड नंबर चार सोनखरी में ट्रांसफार्मर न होने से लोगों को विद्युत का लाभ नहीं मिल रहा है। बारिश में जलनिकासी समस्या बरकरार है। ऐसे में अधूरे इंटरलाकिंग मार्ग से आवागमन करना मुश्किल है। बताया कि दूषित पेयजलापूर्ति से परिवार संक्रमित होकर अस्पताल की शरण ले रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के मार्ग जर्जर होकर लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत की कथनी-करनी से लोग परेशान है। प्रदेश सरकार इस तरह की जनकल्याणकारी समस्याओं को दूर कराने में अधिकारियों को भ्रमण का निर्देश दिया है लेकिन कर्मचारी तक नजर नहीं आ रहे हैं। किसान खाद-पानी, कृषि यंत्र के नाम पर भ्रष्टाचार से आर्थिक शोषण के शिकार हैं और विभाग कागजी कोरम पूरा कर उपलब्धियां गिनाने में व्यस्त है।
सहकारी समितियां जर्जर होकर खस्ताहाल हैं लेकिन सहकारिता विभाग हालात सुधारने में औपचारिकता तक सीमित है। नहर-नलकूप की नाली क्षतिग्रस्त होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। दर्जनों नलकूप तकनीकी खराबी से ठप पड़े हैं। उक्त समस्याओं का निस्तारण कराया जाए।