मतदान के लिए सोमवार को सुबह भदोही दौड़ेगा। स्वीप के तहत होने वाले भदोही हाफ मैराथन में पूर्वांचल के कई जिले के धावक शामिल होंगे। जंगीगंज से जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर तक करीब 21 किमी के दौड़ में अव्वल आने वाले धावक पुरस्कृत होंगे। रविवार को स्वीप प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने थानेेदार, क्षेत्राधिकारी और आयोजकों संग बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
स्वीप प्रभारी ने बताया कि सोमवार को सुबह सात बजे जंगीगंज पुलिस चौकी से मंडलायुक्त और जिलाधिकारी हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना करेंगी। हाइवे और गोपीगंज-भदोही मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ऊंज, गोपीगंज और ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस संग यातायात प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। आयोजक मनीष पांडेय ने बताया कि प्रथम स्थान पाने वाले धावक को 71 हजार, द्वितीय को 41 हजार व तृतीय स्थान पर रहने वाले को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 15 अन्य धावकों को पांच-पांच हजार रुपये सांत्वना पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी इसकी खुद मानीटरिंग कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जंगीगंज से लेकर स्टेडियम तक मतदाता जागरूकता के बैनर लगाए गए हैं। इसी तरह स्टेडियम में रंगोली बनाई गई है। जागरूकता के लिए और बच्चों की ओर से मानव शृंखला बनाई जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि हाफ मैराथन में विभाग के अनुदेशक संग शिक्षक भी बेहतर व्यवस्था करने में मदद करेंगे।